Youth shot dead for resisting molestation of wife in Jalaun Uttar Pradesh
योगीराज में क्राइम ‘आउट ऑफ कंट्रोल’, पत्नी से छेड़खानी का विरोध करने पर युवक की गोली मारकर हत्या, हड़कंप
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ने सरकार की कमान संभालने के बाद कहा था कि वे उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त बनाएंगे। लेकिन उनके सारे दावे मानों खोखले साबित होते जा रहे हैं। हर रोज प्रदेश में कहीं न कहीं से बड़ी घटनाएं सामने आती हैं… ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि यूपी में गुंडा राज है।
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई में नदीगांव थाने के ग्राम सिकरी में पत्नी संग हुई छेड़खानी का विरोध करने और आरोपित के घर शिकायत करने पहुंचे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित हवाई फायरिंग करता हुआ भाग निकला।
शनिवार शाम अरविंद की पत्नी अपने घर के बाहर काम कर रही थी तभी गांव का दीपाशुं गुर्रज शराब के नशे में हाथ में तमंचा लिये निकला और छेड़खानी करने लगा। पत्नी ने शोर मचाया तो अरविंद व परिजन बाहर आ गए और उसका विरोध करने लगे।
इस पर आरोपित मौके से भाग निकला। बाद में अरविंद आरोपित के घर शिकायत करने पहुंचा तभी वहां दीपाशुं आ गया और उसने अरविंद की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से गांव में दहशत फैल गई।
जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ही आरोपित को भागने का मौका दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।





