Union Minister of State Krishan Pal Gurjar’s Sector 28 targeted by punks
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर का सेक्टर -28 बदमाशों के निशाने पर
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर का निवास होने के कारण सेक्टर-28 की अलग पहचान है। मगर पिछले कुछ दिनों से यह सेक्टर नकारात्मक कारणों से चर्चित है। सेक्टर बदमाशों के निशाने पर है। 23 जनवरी को दो बदमाश अकेली महिला डॉक्टर के घर में घुस गए। गला दबाकर उनके घर में लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पांच दिन के अंदर सेक्टर में चार घरों में चोरियां व एक लूट की वारदात हो चुकी है। लगातार हो रही वारदातों से सेक्टर के निवासी भी चितित हैं। सेक्टर-28 में पुलिस चौकी है। कुछ दूरी पर ही सेक्टर-31 थाना भी है। अधिकतर वारदातें बंद घरों में चोरी की हैं।
सेक्टर-28 में 21 जनवरी से हुईं लगातार वारदातें
-23 जनवरी : डॉक्टर सुमित्रा गोयल सेक्टर-28 में घर पर अकेली थीं। दिन में दो युवकों ने किडनी का मरीज दिखाने के बहाने उनसे घर का दरवाजा खुलवा लिया। इसके बाद डॉक्टर सुमित्रा का गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी और 70 हजार रुपये लूटकर ले गए। बदमाश सुमित्रा को कमरे में बंद करके फरार हो गए।
-22 जनवरी : राजकुमार डुडेजा कारोबारी हैं। सेक्टर-28 में परिवार सहित रहते हैं। परिवार संग पूना घूमने गए थे। घर की चाबी अपने रिश्तेदार को देकर गए। 22 जनवरी को उन्हें सूचना मिली कि चोरों ने मकान का पिछला दरवाजा तोड़कर काफी सामान चोरी कर लिया है। वे पूना की ट्रिप अधूरी छोड़कर तुरंत वापस लौट आए। उन्होंने पाया कि चोर काफी मात्रा में आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-22 जनवरी : सेक्टर-28 निवासी अनिल गोयल कारोबारी है। बेटे के साथ सुबह वे कार्यालय चले गए। शाम करीब 4 बजे उनकी पत्नी रेखा गोयल घर का दरवाजा बंद कर सब्जी लेने चली गई। शाम करीब 7 बजे वे वापस लौटी तो घर का पिछला दरवाजा टूटा हुआ था। जांच करने पर उन्होंने पाया कि चोर सोने के दो हार, दो चूडिया, दो चेन और चार से पांच लाख रुपये चोरी ले गए।
-21 जनवरी : सेक्टर-28 निवासी सुभाष कटारिया परिवार सहित दुबई घूमने गए थे। चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर सोने के जेवरात व नकदी चोरी कर ली। पड़ोसियों ने ताला टूटा हुआ देखा तो गुरुग्राम में रहने वाली उनकी बेटी काजल कटारिया को सूचित किया। काजल ने पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया। हाल में चोरी की वारदातों में कुछ इजाफा हुआ है। सेक्टर-28 में रात्रि व दिन की गश्त बढ़ाई जाएगी। आरडब्ल्यूए के साथ बैठक कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। ज्यादातर मामले बंद घरों में चोरी के हैं। -संदीप कुमार, प्रभारी, थाना सेक्टर-31
मरीज बन कर आए बदमाशों ने महिला डॉक्टर को घर में बंधक बना कर लूटा
सेक्टर-28 में मरीज बनकर आए बदमाशों ने घर पर अकेली महिला डॉक्टर का गला दबा दिया और अलमारी की चाबी लेकर 70 हजार रुपये लूट लिए। डॉक्टर की शिकायत पर सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-28 में एक महिला डॉक्टर को दो बदमाशों ने खुद को किडनी का मरीज बताया और उनके ही घर में बंधक बनाकर लूटपाट की। पीड़ित महिला ने फोनकर तुरंत पति और बेटे को सूचना दी जिस पर पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। महिला डॉक्टर सुमित्रा गोयल पत्नी रामकिशन गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह बृहस्पतिवार को अपने घर पर थीं। उनके पति व बेटे दोनों क्लीनिक पर गए थे। इसी दौरान दो बदमाश किडनी के मरीज बनकर आए। वह महिला डॉक्टर से उपचार करने के लिए कहने लगे। डॉक्टर सुमित्रा ने उन्हें कहा कि यहां किडनी के डॉक्टर नहीं हैं, आप ओल्ड फरीदाबाद में जाइए।
इस पर दोनों बदमाश डॉक्टर का पता व फोन नंबर मांगने लगे। उन्होंने ज्यों ही उन्हें पता व फोन नंबर लिख कर देने के लिए गेट खोला, दोनों अंदर घुस गए व महिला को बंधक बना लिया। इसके बाद घर में रखे नकदी व जेवरात मांगने लगे। आरोपियों ने आलमारी में रखे पर्स से करीब 70 हजार रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद बाहर से घर की कुंडी बंद कर फरार हो गए।
दोनों आरोपियों के भागने के बाद डॉक्टर सुमित्रा ने पति डॉक्टर रामकिशन गोयल और बेटा राजेश गोयल को मामले की सूचना दी। सेक्टर-31 थाना क्षेत्र के सेक्टर-28 चौकी पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर छानबीन शुरू की है। जांच अधिकारी एसआई आस मोहम्मद ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। उनके घर से साक्ष्य एकत्रित करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी भी पुलिस खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





