Two thousand illegal constructions makes 20 acres of land free of occupation Faridabad
फरीदाबाद में निगम ने दो हजार अवैध निर्माणों को तोड़ा, 20 एकड़ जमीन कराई कब्जा मुक्त
नगर निगम ने गांव खोरी में शुक्रवार को भारी तोड़फोड़ कर करीब सैकड़ों अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की। गांव में छह माह में यह दूसरी कार्रवाई है। इसमें पक्के मकान, बाउंड्री वॉल, झुग्गियां शामिल रहीं। मौके पर लोगों के विरोध से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा है। तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान निगम ने 20 एकड़ जमीन कब्जा मुक्त करवाई। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश पर की गई। मौके पर संयुक्त आयुक्त और एसआईटी कमेटी के सदस्य प्रशांत अटकान उपस्थित रहे।
सूरजकुंड स्थित गांव खोरी में अरावली क्षेत्र की करीब 150 एकड़ भूमि है। इसमें से 60 एकड़ जमीन पर लोग पहाड़ों के ऊपर सालों से मकान बनाकर रह रहे हैं। यहां किसी भी प्रकार का निर्माण करना गैर कानूनी है। उन्हें अवैध माना गया है। इसके बावजूद हजारों की संख्या में अवैध रूप से पक्के मकान और झुग्गियां डाली हुई है। हाईकोर्ट के आदेश पर शुक्रवार सुबह नौ बजे नगर निगम तोड़फोड़ दस्ता करीब 10 जेसीबी के साथ तोड़फोड़ की कार्रवाई के लिए गांव पहुंचे।
लोगों के विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए सीआरपीएफ, राज्य पुलिस और केंद्रीय पुलिस बल के 1500 जवानों को लगाया गया था। अधिकारियों ने लोगों को घर खाली करने के आदेश दिए। इस दौरान कुछ लोग अपने घरों को खाली कर पाए तो कुछ नहीं कर पाए। इसके बाद निगम दस्ते ने कार्रवाई शुरू कर दी। इस करीब चार घंटे चली तोड़फोड़ के दौरान दो हजार अवैध निर्माणों को ढहा दिया गया।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
गांव खोरी में हाईकोर्ट के आदेश पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। तोड़फोड़ से पहले सभी लोगों को दो बार नोटिस जारी किए गए थे। करीब 20 से 25 एकड़ जमीन निगम ने खाली करवाई है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। तोड़फोड़ के बाद लोग दोबारा कब्जा न कर सके। इसके लिए एक निगरानी कमेटी बनाई गई है। इसकी रिपोर्ट नगर निगम आयुक्त को भेज दी गई है। – प्रशांत अटकान, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम
पांच किलोमीटर पहले किया रूट डायवर्ट
गांव खोरी में भारी तोड़फोड़ कार्रवाई से पूर्व पुलिस ने पांच किलोमीटर पहले आनंगपुर चौक से रूट डायवर्ट कर दिया। फरीदाबाद से दिल्ली और सूरजकुंड जाने वाले वाहनों को प्रहलादपुर की ओर मोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान सूरजकुंड रोड पर किसी भी व्यक्ति को जाने की अनुमति नहीं दी गई। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जमाई कॉलोनी में 100 से अधिक मकान ढहाए, अवैध निर्माणों पर नगर निगम की कार्रवाई
नगर निगम की ओर से जमाई कॉलोनी में बृहस्पतिवार को भारी तोड़फोड़ की गई। इस दौरान 100 अधिक अवैध निर्माणों को ढहा दिया गया है। मौके पर किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मनोज मौजूद रहे। इस दौरान कुछ लोगों ने तोड़फोड़ कार्रवाई का विरोध भी जताया लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। लोगों का आरोप है कि बसावट के समय नगर निगम कोई कार्रवाई नहीं करता लेकिन जब लोग जीवनभर की पूंजी लगाकर रहने लगते हैं तब निगम निर्माणों को अवैध बता कर तोड़ देता है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मकानों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। कई मकानों को छोड़ दिया गया।
अरावली की पहाड़ियों में बसे गांव नवादा की राजस्व संपदा पर जमाई कॉलोनी बसी हुई है। यहां भारी संख्या में लोगों ने अवैध निर्माण कर रखे हैं। कुछ लोगों ने पक्के तो कुछ लोगों ने झुग्गियां डाली हुई हैं। शहर में बने अवैध निर्माणों को लेकर हाईकोर्ट काफी सख्त है। इसे लेकर बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता भारी पुलिस बल के साथ फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड स्थित खोरी कॉलोनी पहुंचा। दस्ते को देखकर लोगों में अफरातफरी मच गई। लोग अपने घरों को खाली करने लगे। कई लोग ऐसे भी थे जिन्हें उम्मीद थी कि उनके निर्माण टूटने से बच जाएं।
कार्रवाई से पूर्व अधिकारियों ने लोगों को घरों को खाली करने के आदेश दिए। इसके बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी गई। निगम ने दो जेसीबी की सहायता से पहाड़ी क्षेत्र में नीचे बने निर्माणों को तोड़ दिया। जबकि ऊपर वालों को छोड़ दिया गया। इसके अलावा पेट्रोल पंप संचालक द्वारा ग्रीनबेल्ट पर कब्जा भी छोड़ दिया गया। इनके अलावा एक अवैध शराब ठेके को भी निगम दस्ते ने तोड़ दिया।
हाईकोर्ट के आदेश पर गांव नवादा की राजस्व संपदा पर बसी जमाई कॉलोनी में नगर निगम की ओर से तोड़फोड़ की गई। इस दौरान करीब तीन से चार एकड़ जमीन कब्जा मुक्त करवाई गई। जल्द इसकी फेसिंग की जाएगी। जिससे लोग दोबारा कब्जा न कर सकें। – प्रशांत अटकान, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम
लाल डोरा खत्म, सभी प्रॉपर्टी की आईडी होना जरूरी, मुख्यमंत्री ने योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। इस दौरान स्वामित्व योजना, म्यूटेशन, जमाबंदी और जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए इनमें तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही मंडियों में शुरू हुई गेहूं खरीद की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि लाल डोरा खत्म हो गया है, सभी प्रॉपर्टी की आईडी होना अनिवार्य है, इसलिए हमें मिलकर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना हैं।
उपायुक्त यशपाल ने बैठक में मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री के कार्य कराए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से जल पहुंचाने का कार्य किया गया है। हाउस ओल्ड टेप कनेक्शन, आंगनबाड़ी और स्कूलों में कनेक्शन के निर्धारित लक्ष्य को शत प्रतिशत प्राप्त करने का काम किया गया है। वर्षा का पानी संचय हो, इसके लिए भी लोगों का जागरूक किया जा रहा हैं। उपायुक्त ने मंडियों में शुरू हुई गेहूं खरीद की व्यवस्थाओं के बारे में बताते हुए कहा गेट पास, पानी की व्यवस्था, शौचालय, सफाई व अन्य व्यवस्थाओं को ठीक किया गया हैं। बैठक में एडीसी सतवीर मान, एसडीएम फरीदाबाद परमजीत चहल, एसडीएम बड़खल पंकज सेतिया के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





