Samajwadi Party announces name of Naseem Begum for the post of Zilla Panchayat President
गाजियाबाद में अखिलेश यादव का बड़ा दांव, बसपा से निष्कासित विधायक की पत्नी को बनाया जिला पंचायत अध्यक्ष का उम्मीदवार
नसीम बेगम बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित विधायक हाजी असलम की पत्नी हैं। नसीम वार्ड नंबर-10 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीती हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए समाजवादी पार्टी ने वार्ड नंबर-10 से जिला पंचायत सदस्य नसीम बेगम पर दांव खेला है। शुक्रवार को पार्टी हाईकमान की संस्तुति होने के बाद उनके नाम की घोषणा की गई। नसीम बेगम धौलाना से विधायक हाजी असलम की पत्नी हैं और पूर्व में जिला पंचायत सदस्य भी रह चुकी हैं।
जिलाध्यक्ष राशिद मलिक ने बताया कि बीच पार्टी हाईकमान के निर्देश से अध्यक्ष पद के लिए नसीम बेगम का नाम घोषित किया गया है। महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी ने कहा कि चुनाव के लिए रालोद नेताओं से लगातार वार्ता जारी रहेगी।
सपा और रालोद के पास मिलाकर कुल छह सीट हैं। इससे पहले भाजपा ने अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए वार्ड- 14 से ममता त्यागी को चुनाव मैदान में उतरा है। सपा प्रत्याशी नसीम बेगम ने अपने वार्ड में रालोद प्रत्याशी शाइन को चुनाव हराया था, उन्हें 3574 वोट हासिल हुए थे।
नसीम बेगम बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित विधायक हाजी असलम की पत्नी हैं। इससे पहले नसीम बेगम 2005 में जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। नसीम वार्ड नंबर-10 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीती हैं।
बता दें कि गाजियाबाद में सपा के तीन, बसपा के पांच, रालोद के तीन, भाजपा के दो और एक निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने के लिए आठ सदस्यों को अपने पाले में करना नसीम चौधरी के लिए चुनौती है।
समाजवादी पार्टी ने बसपा से निष्कासित धौलाना विधायक असलम चौधरी की पत्नी नसीम बेगम चौधरी को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार घोषित कर बसपा प्रमुख मायावती और सत्ताधारी भाजपा की टेंशन बढ़ा दी है। राजनीतिक गलियारे में चर्चा शुरू हो गई है कि क्या समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का यह दांव एक सोची समझी राजनीति का हिस्सा है। क्या सपा की यह रणनीति मायावती और सत्ताधारी भाजपा के गढ़ में सेंधमारी करने में सफल हो पाएगी।





