Prime Minister Narendra Modi inaugurated choukaghat flyover costing 171 crores in Varanasi
वाराणसी: पीएम मोदी ने 171 करोड़ की लागत के इस फ्लाईओवर का किया था लोकार्पण, 199 दिन बाद हुए 200 गड्ढे
वाराणसी में लोकार्पण के 199 दिनों के बाद चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर पर 200 गड्ढे हैं। सेतु निगम और पीडब्ल्यूडी की कारस्तानी के चलते जनता के जान पर बन आई है। अब तक इसे दुरुस्त कराने की दिशा में कोई काम शुरू नहीं हुआ है।
यही स्थिति रही तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है। 1710 मीटर के फ्लाईओवर, सर्विस रोड और एप्रोच मार्ग खस्ताहाल हैं। यह हालत तब है, जब जिला, राज्य और केंद्र से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
काशी की जनता को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 फरवरी को लोकार्पण किया था। 171 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्लाईओवर की समस्याओं को झांकने के लिए न तो सेतु निगम के अधिकारी गए और ना ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारी। इन विभाग के अधिकारियों ने जनता को राम भरोसे छोड़ दिया है।
लहरतारा से चौकाघाट और चौकाघाट से लहरतारा की ओर आने जाने वाले फ्लाईओवर के ऊपर गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। यही नहीं दोनों तरफ की सर्विस रोड भी खराब हो गई हैं, जिसके चलते आवागमन पर असर पड़ रहा है। फ्लाईओवर की सड़क जगह-जगह दब गई है। एप्रोच मार्ग के पास सड़क दबकर गड्ढे में तब्दील हो गई है।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सुग्रीव राम ने बताया कि हमारी सड़कें फ्लाईओवर से टपकने वाले पानी के चलते खराब हो रही हैं। इसके बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। बारिश बंद होते ही सड़क निर्माण का काम शुरू करा देंगे।
सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक रोहित मिश्रा ने कहा कि फ्लाईओवर पर हुए गड्ढों की मरम्मत करने के लिए ठेकेदार को कहा गया है। सोमवार से गड्ढों की मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा। बारिश में मिट्टी दबती है, इस नाते कुछ जगहों पर गड्ढे हुए हैं।
सपा सरकार में पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री रहे सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि फ्लाईओवर के गड्ढे भ्रष्टाचार की पहचान हैं। 2015 में 77 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण होना था। न लंबाई बढ़ी न चौड़ाई। लागत 171 करोड़ रुपये हो गई। सरकार की निगरानी में रहने वाली योजनाओं का यह हाल है तो बाकी योजनाओं का क्या हाल होगा। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है।
फ्लाईओवर के गड्ढे काम के स्तर को दर्शाता है। सरकारी धन की लूट मार मची हुई है। अभी दो दिन पहले मैं इलाहाबाद से बनारस उसी फ्लाईओवर से आ रहा था। रात में उस पर लाइट भी नहीं जल रही थी। अधिकारियों पर कोई लगाम नहीं होने के कारण जनता के धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। -मनोज राय धूपचंडी, सपा सरकार में रहे राज्य मंत्री
जिस कांट्रेक्टर ने इस फ्लाईओवर का निर्माण किया है। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। फिर से इस रोड को निर्माण के लिए आदेशित किया जाए वरना किसी दिन बड़ी दुर्घटना घट सकती है। जनहित में यह कार्य बहुत ही आवश्यक है। -विकास चंद्र तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष व प्रवक्ता युवा जनता दल यूनाइटेड
फ्लाईओवर पर अक्सर आना-जाना होता है। छह महीने में इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इस पर चलने में डर लगता है। वर्तमान में फ्लाईओवर की जो हालत है उससे नहीं लगता कि यह फ्लाईओवर लंबे समय तक चलेगा। अधिकारियों को इस पर ध्यान देने की जरूरत है। -मनीष चौबे, महासचिव महानगर कांग्रेस





