One new case of coronavirus found in Faridabad
फरीदाबाद में कोरोना का एक और मरीज, संक्रमितों की कुल संख्या हुई 43
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सेक्टर-48 में कोविड-19 का एक नया मामला सामने आया है। कोरोना पीड़ित महिला को ढूंढने के लिए स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि महिला को इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके साथ ही परिवार के सदस्यों और एक निजी अस्पताल के करीब 25 कर्मचारियों को क्वारंटीन किया गया है। नया मामला सामने आने के बाद जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 43 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कोरोना पॉजिटिव 68 वर्षीय महिला गांव बड़खल के सामने सेक्टर-48 की रहने वाली है। इसके दोनों बेटे दिल्ली के लक्ष्मी नगर व कैली गांव में फैक्ट्ररी चलाते हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सर्दी, खांसी, जुकाम होने पर महिला को 18 अप्रैल को बल्लभगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां के डॉक्टरों की सलाह पर वह 19 अप्रैल को बीके अस्पताल के आईडीएसपी लैब में सैंपल देने पहुंची। इस दौरान उसने स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में अपना नाम-पता कैली गांव का लिखवाया, जोकि उनके बेटे की फैक्टरी का था। मंगलवार को जब महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई तो उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम बताए गए पते पर पहुंची। वहां उसकी कोई जानकारी नहीं मिली।
महिला की तलाश में पुलिस की मदद ली गई। कैली गांव के सरपंच को भी बुलाया गया। सभी उसकी तलाश में गड्ढा कॉलोनी पहुंचे। वहां पता चला कि सेक्टर-48 में रहती है। कैली गांव में उसके बेटे एक कमरे में वर्कशॉप चलाते हैं। इसमें करीब छह कर्मचारी काम करते हैं। उप कोरोना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि जिले में अब तक 1314 यात्रियों को सर्विलांस पर लिया जा चुका है, जिनमें से 800 लोगों का निगरानी में रखने का 28 दिन का समय पूरा हो चुका है। अब तक 1687 लोगों के सैंपल लैब में भेजे गए थे, जिनमें से 1466 की निगेटिव रिपोर्ट आई है और 178 की रिपोर्ट आनी शेष है।