Hooda and Kumari Salja will address Congress workers rally in Gurugram and Faridabad
गुरुग्राम और फरीदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ता महासम्मलेन, हुड्डा-सैलजा करेंगे शिरकत
हरियाणा विधानसभा चुनावों की तैयारियों की गति देने के लिए कांग्रेस 15 सितंबर को गुरुग्राम में कार्यकर्ता महासम्मलेन करेगी। शुक्रवार को पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने लोकसभा वार कार्यकर्ता सम्मलेन करने का कार्यक्रम जारी किया। इन सम्मेलनों की शुरुआत फरीदाबाद से होगी। इसमें फरीदाबाद लोकसभा के सभी विधानसभाओं के कार्यकर्ता जुटेंगे।
फरीदाबाद में कार्यक्रम सुबह 11 बजे होगा, जबकि गुरुग्राम में कार्यकर्ता सम्मेलन का समय शाम तीन बजे तय किया गया। फरीदाबाद में विधायक ललित नागर को कार्यकर्ता सम्मेलन का संयोजक और गौरव ढींगरा को प्रदेश कांग्रेस कमेटी से संयोजक नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार गुरुग्राम में नौ विधानसभाओं के कार्यकर्ता पार्टी के दफ्तर कमान सराय में जुटेंगे।
सम्मेलन का संयोजक पूर्व विधायक राव धर्मपाल को बनाया गया है जबकि गुरुग्राम के लिए मनीष गोयल को संयोजक बनाया गया है। गोयल ने बताया कि लोकसभा स्तर पर हो रहे कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद कुमारी सैलजा और पूर्व मुख्यमंत्री व नेता विपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा मौजूद रहेंगे। गोयल ने कहा कि 21 सिंतबर तक प्रदेश की सभी विधानसभा के कार्यकर्ताओं से ये दोनों संवाद पूरा कर लेंगे। उन्होंने कहा एक दिन दो लोकसभा क्षेत्र में कार्यक्रम रखा गया है।
हरियाणा में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट करेगी। ताकि विभिन्न खेमों में बंटा कार्यकर्ता सिर्फ कांग्रेस के लिए काम करे। इसका जिम्मा अब नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह ने उठाया है। यह दोनों दिग्गज नेता आज से प्रदेश में कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत करेंगे। हालांकि चुनाव से पहले प्रदेश में बिखरे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को एकजुट करना इनके लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है। मगर इन नेताओं का दावा है कि विधानसभा चुनाव कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ लड़ेगी।
इस कार्यक्रम के तहत हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं सांसद कुमारी सैलजा तथा पूर्व मुख्यमंत्री व हरियाणा विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा संयुक्त रूप से पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। प्रदेश कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी इन कार्यकर्ता सम्मेलनों में भाग लेंगे। इस शृंखला का पहला कार्यकर्त्ता सम्मेलन 15 सितंबर को फरीदाबाद के 16 सेक्टर की सब्जी मंडी में होगा जिसमें फरीदाबाद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी विधान सभा हलकों हथीन, होडल, पलवल, पृथला, एनआईटी फरीदाबाद, बडख़ल, फरीदाबाद व तिगांव के सभी नेता तथा कार्यकर्त्ता भाग लेंगे।
15 सितंबर को ही बाद दोपहर 2 बजे गुरुग्राम लोक सभा क्षेत्र के सभी विधान सभा हल्कों के कार्यकर्त्ता तथा नेता गुरुग्राम स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय कमान सराये में एकत्रित होंगे। इस सम्मेलन में जिन विधान सभा क्षेत्रों के कार्यकर्त्ता और नेता शामिल हो रहे हैं, वे हैं बावल, रेवाड़ी, पटौदी, बादशाहपुर, गुरुग्राम, सोहना, नूंह, फिरोजपुर झिर्का व पुन्हाना।
अगले दिन 16 सितंबर को कांग्रेस पार्टी के नेताओं तथा कार्यकर्त्ताओं का सम्मेलन करनाल के सेक्टर 12 स्थित जाट भवन में होगा। इस सम्मेलन में नीलोखेड़ी, करनाल, इंद्री, असंध, घरौंडा, पानीपत शहरी, पानीपत ग्रामीण, इसराना व समालखा के कार्यकर्त्ता उपस्थित रहेंगे। उसी दिन दोपहर बाद सांय तीन बजे कार्यकर्त्ताओं का सम्मेलन मुरथल रोड स्थित ग्रैंड इंपिरीयल में होगा। इस कार्यकर्ता सम्मेलन में सोनीपत, खरखौदा, राई, बरौदा, गोहाना, गन्नौर, सफीदों, जींद व जुलाना विधान सभा क्षेत्रों के पार्टीजन भाग लेंगे। सैलजा के अनुसार शेष 6 लोकसभा क्षेत्रों में भी आगामी दिनों में कार्यकर्त्ता सम्मेलनों का आयोजन किया जायेगा।





