Former Samajwadi Party MP Chandranath Singh passed away
समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद सीएन सिंह का लखनऊ के आरएमएल अस्पताल में निधन, पार्टी ने दी श्रद्धांजलि
जौनपुर जिले के मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद चंद्रनाथ सिंह उर्फ सीएन सिंह(65) का शुक्रवार की देर रात निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। अस्पताल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
प्रतापगढ़ जिले के सीमावर्ती क्षेत्र भदेसरा पृथ्वीगंज के निवासी सीएन सिंह ने वर्ष 1999 में जीत दर्ज कर पहली बार मछलीशहर सीट पर समाजवादी पार्टी का परचम लहराया था। इस चुनाव में उन्होंने भाजपा के दिग्गज और रामजन्मभूमि आंदोलन के नेता रामविलास वेदांती को शिकस्त दी थी।
तब प्रतापगढ़ का पट्टी और वीरापुर विधानसभा क्षेत्र मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र में ही शामिल था। सपा मुखिया मुलायम सिंह के करीबियों में गिने जाने वाले सीएन सिंह प्रतापगढ़ सदर सीट से 1996 में विधायक भी रहे। पूर्व सांसद अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
उनके एक पुत्र प्रशांत सिंह उर्फ राजा भैया और पुत्री पूर्णिमा सिंह है। पत्नी उषा सिंह राजनिति में भी दखल रखती हैं। निधन की खबर पर जौनपुर और प्रतापगढ़ के सपा कार्यकर्ताओं में शोक छा गया है। पुत्र प्रशांत सिंह ने बताया कि दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
समाजवादी पार्टी ने किया याद :
समाजवादी पार्ट ने भी पूर्व सासंद के निधन पर दुख व्यक्त किया है। ट्विटर पर लिखा कि मछलीशहर से पूर्व सपा सांसद एवं पूर्व विधायक सीएन सिंह का राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। इससे काफी दुख हुआ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे एवं शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना! विनम्र श्रद्धांजलि!





