Former MP Dharmendra Yadav reached SP Leader Suresh Gangwar’s house
बरेली में समाजवादी पार्टी के नेता सुरेश गंगवार के घर पहुंचे पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव
समाजवादी पार्टी के नेताओं की गुटबाजी मीरगंज में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में भी खूब दिखाई दी। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष को आमंत्रित नहीं करने पर वह कार्यक्रम से दूर रहे। फिर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव उनको मनाने के लिए उनके घर पहुंचे। उन्होंने उनसे पार्टी के लिए काम करने को कहा। मीरगंज से विधायक रहे सुल्तान बेग ने रविवार को कार्यकर्ता सम्मेलन कराया था, जिसमें मुख्य अतिथि पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव रहे। मुख्य अतिथि के शहर आने पर मीरगंज विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सुरेश गंगवार उनके स्वागत के लिए शहर आए। फिर उनके काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल तक गए।
पूर्व सांसद को वहां छोड़कर वह लौट गए। कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। इसके पीछे उन्होंने कार्यक्रम में आने का आमंत्रण नहीं होने का तर्क दिया। मामले की जानकारी होने पर कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव सुल्तान बेग को लेकर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सुरेश गंगवार के घर पहुंचे। सुरेश गंगवार ने पूर्व विधायक पर कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने का आरोप लगाया। इस पर उन्होंने पूर्व विधायक से नहीं बुलाने का कारण पूछा। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष से पार्टी के लिए काम करने को कहा। उनके घर चाय पी और गिला शिकवा दूर किया। इसके बाद वह हाईवे किनारे पूरन रिसार्ट में कुछ देर रुके। वहां पूर्व ब्लाक प्रमुख ओमप्रकाश दिवाकर से बात की। वहां लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूर्व विधायक भगवत सरन गंगवार कार्यक्रम स्थल से ही लौट गए।





