Former Chief Minister Akhilesh Yadav to play Holi in Saifai
अखिलेश यादव ने बेटियों संग रोडवेज बस से किया सफर, बोले- 2022 में आकर वर्ल्ड क्लास बस चलवाएंगे
मिशन 2022 की तैयारी में जुटे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जनता के बीच पैठ बनाने के साथ अपने काम याद दिलाने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते हैं। हाल-फिलहाल में उत्तर प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर उनकी मौजूदगी और आमजन के साथ उनके संवाद की तस्वीरें उनकी रणनीति बखूबी बयां करती हैं। अब रविवार को होली मनाने के लिए लखनऊ से अपने पैतृक घर सैफई जाने के दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर वह बीच सफर में अपने वाहनों का काफिला छोड़कर लखनऊ से दिल्ली जा रही रोडवेज बस में चढ़ गए। पुत्रियों अदिति और टीना के साथ 10 किलोमीटर तक सफर किया, यात्रियों के साथ संवाद भी किया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा कि ‘होली पर घर जाते हुए एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बस में यात्रा की। जितनी अच्छी सड़क बनाई, उतनी ही अच्छी बसों पर जनता का पूरा हक है, यही सोचकर हमने दुनिया की सबसे अच्छी बसें चलाने का निर्णय लिया था। वर्ष 2022 में आकर हम यूपी रोडवेज में हर जगह वर्ल्ड क्लास बस चलवाएंगे।’ इसके बाद ताल ग्राम कन्नौज के पास वह बस से उतरकर अपनी कार में बैठ गए।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने होली पर लखनऊ से अपने घर सैफई आते हुए रास्ते में लगभग 10 किमी तक रोडवेज बस में यात्रा की। वह कन्नौज से पहले रोडवेज बस में अपनी दोनों पुत्रियों अदिति यादव व टीना यादव के साथ रोडवेज की बस में बैठ गए। उन्होंने यात्रियों से संवाद किया और कहा कि इतनी अच्छी उन्होंने सड़क बनवाई थी उतनी अच्छी बसों पर जनता का पूरा हक है। यही सोचकर हमने अपनी सरकार में दुनियां की सबसे अच्छी बसें चलाने का फैसला लिया था। वर्ष 2022 में सरकार में आकर हम यूपी रोडवेज में हर जगह विश्व स्तरीय बसें चलवाएंगे। ताल ग्राम कन्नौज के पास वे बस से उतरकर अपनी कार में बैठ गए।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव होली मनाने के लिए सपरिवार रविवार दोपहर बाद पैतृक गांव सैफई पहुंच गए। उन्होंने अपने आवास में बनाए गए मंच से कार्यकर्ताओं को होली की शुभकामनाएं दीं और कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्र व प्रदेश सरकार की नाकामियों को लिखी कविताओं को मंच के माध्यम से सुना। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि आज के दौर में समाजवादियों को गांवों की परंपरा को कायम रखने की जरूरत है। क्योंकि इसे तोड़ने की खतरनाक साजिश पहले ही चल रही है। इसे और गहरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पंचायत चुनाव के दौरान उम्मीदवारी के दौरान लोगों को सावधान रहने की अपील की और कहा कि भाजपा वाले गांवों कीपरंपरा को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं उसे सफल न होने देना।
उन्होंने आरोप लगाया कि कन्नौज में होली पर्व पर रूपए मांगने पर भाजपा विधायक के बेटे ने मजदूर को बंदूक की बट से पीटकर अधमरा कर दिया। मथुरा में आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस वालों को पीट दिया। आए दिन भाजपाई खाकी की शान तार-तार करते रहते हैं। कई अन्य स्थानों पर भी ऐसी घटनाएं घटी हैं जिसमें पुलिस वालों को ही दण्डित होना पड़ा। भाजपा की सरकार आने के बाद सन् 2017 से पुलिस कर्मियों की हत्या का दौर जारी है। आगरा में एक एसआई की दर्दनाक मौत अभी भूली नहीं है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर रुके पूर्व सीएम अखिलेश यादव, बोले- प्रदेश में परिवर्तन की लहर से घबराई BJP
सैफई जाते समय रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर रुके। पूर्व सीएम के काफिले को सपाइयों ने रोका और उनका स्वागत किया। यहां रुक कर अखिलेश ने भाजपा पर सपाइयों के उत्पीड़न का आराेप लगाया। उनका कहना था कि प्रदेश में गुंडाराज कायम हो गया है।
प्रदेश में परिवर्तन की लहर से घबराई भाजपा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर रुके अखिलेश यादव भाजपा पर एक के बाद कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो सपाइयों का उत्पीड़न किया जा रहा है वो भाजपा की घबराहट को दिखाता है। प्रदेश में परिवर्तन की लहर है इससे भाजपा घबराई हुई है। इस दौरान ठठिया विशिष्ट मंडी के पास सपाइयों को एकजुट होकर आगामी चुनाव में काम करने के लिए अखिलेश प्राेत्साहित करते नजर आए। वे बोले कि भाजपा सपाइयों को डराकर चुनाव जीतने की रणनीति बना रही है। इसका करारा जवाब दिया जाएगा। सूबे में सरकार बनने पर ऐसे अधिकारियों को हिसाब देना होगा। इन दिनों प्रदेश में महिला उत्पीड़न व हत्याएं जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। थोड़ी देर के बाद उनका काफिला सैफई के लिए रवाना हो गया। इस मौके पर विजय द्विवेदी, उमाशंकर बेरिया, शरद यादव, मुनेश राठौर, हरिओम यादव, विनोद यादव, बबलू यादव, समीम एजाज समेत कई लोग मौजूद रहे।
राधा-कृष्ण की प्रतिमा पर टेका माथा: ठठिया में सपाइयों ने सपा अध्यक्ष को राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट की। इस पर उन्होंने जयश्री राधे का नारा लगाया और प्रतिमा पर माथा टेका। प्रतिमा को गाड़ी में सुरक्षित रखा। इसके बाद कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगामी चुनाव में काम करने की नसीहत दी।





