Eight new cases of Corona Virus in Faridabad Haryana
हरियाणा के फरीदाबाद में कोरोना वायरस के आठ नये मामले सामने आये
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार को कोरोना वायरस के आठ नये मामले सामने आने के बाद अब यहां ऐसे मामलों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
उप सिविल सर्जन एवं जिला नोडल अधिकारी-कोरोना डा. रामभगत ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पिछले तीन दिनों से इस जिले में कोरोना वायरस का एक भी नया मामला सामने नहीं आया था परंतु आज आठ नये मामले सामने आये। उन्होंने कहा कि जो नए मामले सामने आये हैं, ये सभी तबलीगी जमात से जुड़े या उनके संपर्कों वाले लोग हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 1123 यात्रियों को निगरानी में लिया जा चुका है, जिनमें से 156 लोगों को निगरानी में रखने की 28 दिन की अवधि पूरी हो चुकी है। शेष 967 लोग निगरानी में हैं।
निगरानी में रखे गए लोगों में से 1117 घर पृथक रखे गए हैं। अब तक 190 लोगों के नमूने लैब में भेजे गए थे, जिनमें से 134 की नेगेटिव रिपोर्ट मिली है तथा 42 की रिपोर्ट आनी शेष है। जांच अब तक 14 लोग संक्रमित पाये गए हैं।
फरीदाबाद में 8 और पलवल में 13 नए कोरोना मरीजों की पहचान, जमात ने बढ़ाई गिनती और मुश्किल
हरियाणा के फरीदाबाद जिले में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 8 नए मरीजों की पहचान की गई है। इनमें से पांच लोग जमात के बताए जा रहे हैं। इन सभी के सैंपल गुरुवार को लिए गए थे। इनके अलावा 3 और नए मरीजों की पहचान हुई है। इसके साथ ही जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 14 हो गई। इनमें एक ठीक हो गया है। संक्रमित पाए गए जमात के लोगों को अलफला मेडिकल कॉलेज में रखा गया है।
पलवल में 13 जमाती कोरोना पॉजिटिव मिले
वहीं, पास के ही पलवल जिले में 13 जमातियों में कोरोना वायरस मिला है। यहां इनकी संख्या बढ़कर 16 तक पहुंच गई है। एसएमओ ने बताया कि गुरुवार को 44 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें 13 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है और 3 पॉजिटिव पहले सामने आए थे। अब जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
राज्य सरकार ने जारी किए गए हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, हरियाणा में शनिवार को कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 62 तक पहुंच गई है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 18 नए मरीजों की पुष्टि है। पलवल में सर्वाधिक 13 मरीज हैं तो वहीं भिवानी और गुरुग्राम में दो-दो मरीज मिले, जबकि 1 मरीज कैथल जिले में मिला है। कुल 62 केसों में 14 मरीज ठीक हो चुके हैं । 48 मरीज अब भी राज्य में अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।
देश में कोविड-19 से मृतकों की संख्या 68 हुई, संक्रमण के 2,902 मामले
देश में कोविड-19 से मृतकों की संख्या शनिवार को 68 हो गई और कुल संक्रमित लोगों की संख्या 2,902 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि अब भी 2,650 लोग कोविड-19 से पीड़ित हैं, जबकि 183 लोग इलाज के बाद ठीक हो गए हैं या उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया है और एक अन्य व्यक्ति दूसरे देश चला गया है। शनिवार सुबह तक कोरोना वायरस के मामलों पर मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, छह और लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है जिनमें से तीन महाराष्ट्र से, दो दिल्ली से और एक गुजरात से है। अब तक सबसे ज्यादा मौत महाराष्ट्र में हुई हैं जिनकी संख्या 19 है। इसके बाद गुजरात (9), तेलंगाना (7), मध्य प्रदेश (6), दिल्ली (6), पंजाब (5), कर्नाटक (3), पश्चिम बंगाल (3), जम्मू-कश्मीर (दो), उत्तर प्रदेश (दो) और केरल में दो लोगों की मौत हुई है। वहीं, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, बिहार और हिमाचल प्रदेश में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। संक्रमण के कुल मामलों (2,902) में 55 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
देश में महाराष्ट्र में 423 के आंकड़े के साथ संक्रमित लोगों की संख्या सबसे अधिक है। इसके बाद तमिलनाडु में 411 मामले हैं। दिल्ली में संक्रमित लोगों की संख्या 386, केरल में 295, राजस्थान में 179 और उत्तर प्रदेश में 174 हो गई है। आंध्र प्रदेश में अब तक 161 और तेलंगाना में 158 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। कर्नाटक में मामले बढ़कर 128 हो गए हैं। मध्य प्रदेश से अब तक 104, गुजरात से 95 जबकि जम्मू-कश्मीर से 75 मामले सामने आए हैं। पश्चिम बंगाल में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है। पंजाब में 53 और हरियाणा में 49 लोग कोविड-19 से ग्रस्त हैं। बिहार में 29, असम में 24, चंडीगढ़ में 18, उत्तराखंड में 16 और लद्दाख में अब तक 14 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह से 10 मामले सामने आए हैं। छत्तीसगढ़ में 10 जबकि गोवा और हिमाचल प्रदेश से छह-छह मामले सामने आए हैं। ओडिशा और पुडुचेरी में पांच-पांच लोग संक्रमित हैं। झारखंड और मणिपुर में दो लोगों में जबकि मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक व्यक्ति संक्रमित है।





