Development works in Badaun by Dharmendra Yadav
पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने पानी से लेकर सड़कों तक के विकास में नहीं छोड़ी कमी
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने 13 साल पहले अपने भतीजे धर्मेंद्र यादव को बदायूं अपना गढ़ सहेजने के लिए भेजा था। तब सपा के जिलाध्यक्ष बनवारी सिंह यादव थे। जिले के लोगों ने उन्हें सिर माथे पर बैठाया था। उन्होंने भी बहुत बड़े काम किए। सड़कों का जाल बिछाया, राजकीय मेडिकल कालेज का निर्माण कराया। शहर में ओवरब्रिज और बाईपास का भी निर्माण कराया। बदायूं-बरेली रोड को फोरलेन बनवाने में भी उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने शहर में अपना स्थायी आवास भी बनाया।
लोकसभा चुनाव में मिली हार के बावजूद धर्मेंद्र यादव ने बदायूं से दूरी नहीं बनाई बल्कि वह यहां लगे रहे। संगठन को मजबूत किया और लोगों तक समाजवादी पार्टी की नीतियों को पहुंचाया। इसका परिणाम यह रहा है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने बदायूं में एक बार फिर वापसी की और पार्टी को छह में से तीन सीटोंं पर जीत दर्ज करते हुए भाजपा को बराबरी की टक्कर दी। तीन सीटोंं पर भाजपा को जीत मिली। सपा ने बिल्सी, सहसवान और शेखूपुर सीट पर कब्जा जमाया तो भाजपा ने बिसौली, दातागंज और बदायूं सीट पर अपना परचम लहराया। तीन सीटों पर जीत से सपा को बदायूं में फिर संजीवनी मिली। इसके साथ ही धर्मेंद्र यादव ने भी खुद को पार्टी के समक्ष साबित कर दिया।
सपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि धर्मेंद्र यादव बदायूं से ही राजनीति करते रहेंगे। फिलहाल, तो हर किसी को इंतजार है कि धर्मेंद्र यादव का अगला कदम क्या होगा।





