Cow attack on Danish tourist near Taj Mahal
ताजमहल के पास विदेशी पर्यटक को गाय ने पटका, कंधे की हड्डी टूटी, सिर में आई चोट
ताजमहल के आसपास बेसहारा पशु पर्यटकों पर हमला कर रहे हैं। रविवार को डेनमार्क के पर्यटक को एक गाय ने हमला कर जमीन पर पटक दिया। जानकारी पर पहुंची पर्यटन थाना पुलिस ने पर्यटक को अस्पताल में भर्ती कराया। पर्यटक के कंधे की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। सिर में भी चोट लग गई। उपचार के बाद पर्यटक को छुट्टी दे दी गई।
डेनमार्क निवासी नील्स रविवार को पत्नी के साथ ताजमहल देखने आए थे। उनके साथ गाइड तमशील भी था। सुबह तकरीबन 11 बजे नील्स ताजमहल देखकर पुरानी मंडी आए थे। चौराहे पर गाय डस्टबिन से कूड़ा खा रही थी। नील्स फोटो खींच रहे थे।
नील्स गाय के पास चले गए। तभी गाय ने उन्हें पटक दिया। उनके चोट लग गई। गाइड की सूचना पर पर्यटन थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस पर्यटक को जिला अस्पताल लेकर आई, जहां से एसएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
सिर में लगी चोट, कंधे की हड्डी में फ्रैक्चर
थाना पर्यटन के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि पर्यटक के सिर में चोट लगी है। वहीं एक कंधे की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। चिकित्सक ने एक महीने आराम की सलाह दी है। दवा देने के बाद पर्यटक को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। अब वह जयपुर के लिए चले गए।
कुत्ते ने काटा था पर्यटक को
25 जनवरी को ताजमहल के पास शिल्पग्राम पर एक पर्यटक को कुत्ते ने काट खा लिया था। पर्यटक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके अलावा ताजमहल के आसपास कई बार बंदर भी पर्यटकों से सामान छीनकर ले जा चुके हैं।





