Akhilesh Yadav birthday today

अखिलेश का बर्थ डे आज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को 45 साल हो जाएंगे। लेकिन अखिलेश के लिए दुखद बात ये है कि इस बार उनके पिता व सपा संरक्षक मुलायम सिंह (नेताजी) उनसे नाराज चल रहे हैं। यह बात खुद अखिलेश सबके सामने कुबूल चुके हैं।
अखिलेश ने गुरुवार को सैफई में चाचा रामगोपाल के जन्मदिन पर कहा कि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) चाचा रामगोपाल से नाराज नहीं हैं बल्कि वे मुझसे नाराज हैं इसलिए वे आज यहां जन्मदिन के कार्यक्रम में नहीं आए। रामगोपाल यादव के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में मुलायम और सपा के विधायक शिवपाल यादव दोनों नहीं आए।
अब जब कल अखिलेश का जन्मदिन है तो बाजार इन बातों को लेकर गर्म है कि अखिलेश के जन्मदिन पर असल पता चलेगा कि ‘नेताजी’ आखिर किस से खफा हैं। अगर, अखिलेश के जन्मदिन पर दोनों के बीच मुलाकात होती है तो माना जाएगा कि वे अखिलेश से नहीं बल्कि रामगोपाल से ही मुख्य तौर पर नाराज चल रहे हैं।
फिलहाल, इटावा में सुबह 10 बजे अखिलेश का जन्मदिन धूमधाम से मनाने के लिए तैयारी चल रही है। सपा जिला अध्यक्ष गोपाल यादव एवं महासचिव चंदन सिंह बघेल ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से जन्मदिन कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
केवल इतना ही नहीं अखिलेश के जन्मदिन पर पौधारोपण का विशेष आयोजन रखा गया है। इस दिन समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता प्रदेश भर में कम से कम 5 वृक्ष लगाकर अपने नेता का जम्नदिन मनाएगा। समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया है कि अखिलेश यादव का जन्मदिन पूरे प्रदेश में सादगी से मनाया जाएगा।
अखिलेश यादव के जन्मदिन के आयोजन को लेकर नौजवानों में भारी उत्साह है। नौजवानों का मानना है कि अखिलेश उनके प्रेरणास्रोत हैं।वहीं समाजवादी युवजन सभा की राष्ट्रीय कमेटी की ओर से अखिलेश यादव के जन्मदिन पर दोपहर 12.30 बजे लखनऊ के हजरतगंज चैराहा, दक्षिणमुखी हनुमान जी के मंदिर के बगल में भंडारा, 56 भोग प्रसाद, हवन और 45 किलों का केक काटकर अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया जाएगा। समाजवादी छात्रसभा और मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड की ओर से सपा पार्टी मुख्यालय,19 विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है।





