आज हाथरस जाएगा समाजवादी पार्टी का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, राष्ट्रीय अध्यक्ष को देगा रिपोर्ट
समाजवादी पार्टी का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आज हाथरस के बूलगढ़ी गांव जाएगा। सपा नेता पीड़िता के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना देंगे। वे घटना की जांच कर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को रिपोर्ट देंगे।
प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की अगुवाई में डेलीगेशन व पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजी लाल सुमन, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव व अक्षय यादव, सफाई कर्मचारी आयोग के पूर्व अध्यक्ष जुगुल किशोर बाल्मीकि, विधान परिषद सदस्य, उदयवीर सिंह, जसंवत यादव और डॉ. संजय लाठर, छात्र सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अतुल प्रधान, लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राम करन निर्मल और सपा के आगरा जिलाध्यक्ष रामगोपाल बघेल शामिल रहेंगे।
इससे पहले खबर थी कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जा सकते हैं। अखिलेश के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को हाथरस गया था लेकिन इस प्रतिनिधिमंडल को पीड़ित परिवार तक नहीं जाने दिया गया था।
बता दें कि हाथरस कांड को लेकर यूपी में बवाल जारी है। इसे लेकर शुक्रवार सुबह हजरतगंज में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन व नारेबाजी की जिस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और ले जाने लगी लेकिन सपाई फिर सड़कों पर आ गए और नारेबाजी करने लगे। कुछ देर के लिए पुलिस भी बेबस रही।
हालात नियंत्रण से बाहर जाते देखकर पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज कर दियावहीं, समाजवादी पार्टी द्वारा प्रदर्शन करने पर अयोध्या नगर कोतवाली में उपनिरीक्षक सुनील यादव की तहरीर पर समाजवादी पार्टी नेता जय सिंह यादव समेत 13 लोगों के खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन और महामारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इन सभी ने अयोध्या में कैंडल मार्च निकाला था।
पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल पूर्व विधायक इंदल रावत को भी गिरफ्तार कर लिया। सपाइयों का कहना है कि प्रदेश में जंगलराज है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। योगी आदित्यनाथ से राज्य नहीं संभल रहा है उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
बता दें कि सपाइयों ने गुरुवार को भी प्रदर्शन किया था। दरअसल हाथरस कांड पर सरकार व प्रशासन की लापरवाही से पीड़िता जीवित नहीं बच सकी और जब विपक्ष ने आवाज उठाई तो सरकार सवालों के घेरे में आ गई।





