सिर चढ़कर बोल रहा भाजपा का अहंकार: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा का अहंकार इन दिनों सिर चढ़कर बोल रहा है। इस अहंकार में भाजपा नेतृत्व ने भाषा और आचरण की मर्यादा को तिलांजलि दे दी है। पिछले दिनों बिना किसी संदर्भ के कन्नौज की एक घटना की चर्चा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने जिस भाषा में की, उससे राजनीति की साख को भी बट्टा लगा है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा नेतृत्व का संविधान और लोकतंत्र की व्यवस्थाओं में भरोसा नहीं रह गया है। इसीलिए ऐसे दुस्साहसपूर्ण दावे किए जा रहे हैं कि उनकी सरकार हमेशा सत्ता में बनी रहेगी। यह दावा तो संविधान के अनुरूप आचरण के विपरीत तानाशाही मानसिकता की साजिश का संकेत देता है।
समाजवादी पार्टी व महान दल मिलकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने भेंट की। दोनों नेताओं के बीच इस बात पर सहमति बनी कि वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव अखिलेश यादव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। समाजवादी पार्टी व महान दल मिलकर सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ेंगे।
समाजवादी पार्टी सरकार बनाने के लिए महान दल पूरी ताकत से काम करेगा। वार्ता के दौरान केशव देव मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में शाक्य, सैनी, कुशवाहा व मौर्य समाज के साथ अन्याय हो रहा है। केशव देव मौर्य के साथ शिव कुमार यादव, जेपी मौर्य व गजेन्द्र शाक्य भी थे।





