
राजस्थान में उपचुनाव: कांग्रेस ने की प्रत्याशियों के नामों की घोषणा
राजस्थान में उपचुनाव की चौसर बिछ चुकी है। भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी अजमेर लोकसभा और मांडलगढ़ विधानसभा सीट से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है।
राजस्थान में लोकसभा की अजमेर और अलवर तथा विधानसभा की मांडलगढ़ सीट पर 29 जनवरी को उप चुनाव होने है। कांग्रेस ने अलवर से डॉ. करण सिंह यादव को अपना प्रत्याशी पहले ही घोषित कर चुकी है। अजमेर लोकसभा क्षेत्र और मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशियों के नामों पर मुहर आज लगा दी। पार्टी ने अजमेर से पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा पर दांव खेलने का फैसला किया है जबकि मांडलगढ़ से वीरेंद्र धाकड़ को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने प्रत्याशियों की घोषणा करते हुए दावा किया कि तीनों सीटों पर कांग्रेस ये चुनाव जीतेगी।
अब यह रहेगी स्थिति
अजमेर में लोकसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए है। यहां से भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सांवरलाल जाट के बेटे रामस्वरूप लांबा को अपना प्रत्याशी बनाया है। उनका मुकाबला कांग्रेस के डॉ. रघु शर्मा से होगा।
इसी तरह अलवर लोकसभा सीट पर दोनों ही पार्टियों ने यादव प्रत्याशियों पर दांव खेला है। यहां पर भाजपा ने श्रम मंत्री डॉ. जसवंत यादव को टिकट दिया है तो कांग्रेस यहां डॉ. करण सिंह यादव को अपना प्रत्याशी बनाने की घोषणा पहले ही कर चुकी है।
मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर भाजपा ने राजपूत कार्ड खेलते हुए शक्तिसिंह हाड़ा को मैदान में उतारा है जबकि कांग्रेस ने उनके सामने वीरेंद्र धाकड़ को टिकट देने का निर्णय किया है।
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष का दावा, राजस्थान में तीनों सीटों पर उपचुनाव जीतेगी पार्टी
राजस्थान में आगामी 29 जनवरी को दो लोकसभा और एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं। इसके चलते यहां राजनीतिक पार्टियों के नेता अपनी-अपनी जीत का दावा करने में लगे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस की बड़ी नेता ने दावा किया है कि यहां तीनों सीटों पर कांग्रेस ही चुनाव जीतेगी।
दरअसल, उपचुनाव के मद्देनजर महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव अजमेर प्रवास पर हैं। उन्होंने यहां महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक ली है। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस आमसभा के बजाय घर-घर जाकर महिला कांग्रेस महिलाओं से सम्पर्क करेगी और पार्टी के प्रत्याशी को जीत दिलवाएगी। सुष्मिता देव ने यहां अजमेर में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों की बैठक भी बुलाई। इसमें उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की नाकामियां गिनाकर महिलाओं से सम्पर्क करें। आज महंगाई के कारण हर गृहिणी परेशान है।
ऐसे में सभा करने के बजाय जनसम्पर्क पर ध्यान दें। यदि महिला को पक्ष में कर लिया गया तो उसके पूरे परिवार के वोट भी कांग्रेस के खाते में जाएंगे। उन्होंने कहा कि तीनों उपचुनाव कांग्रेस ही जीतेगी। प्रदेशाध्यक्ष रेहाना रियाज ने कहा कि महिला कांग्रेस की सभी सदस्याओं में खासा उत्साह है। सभी जोश के साथ जनसम्पर्क में जुटी हुई हैं।
भाजपा ने खोले पत्ते, अलवर, अजमेर और मांडलगढ़ से प्रत्याशी घोषित
राजस्थान में लोकसभा की दो और विधानसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने पत्ते खोल दिए है। इन तीनों सीटों के लिए पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा आज की है।
मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा ने लोकसभा सीट अलवर से डॉ. जसवंत सिंह यादव तथा अजमेर से रामस्वरूप लांबा को उम्मीदवार बनाने का तय किया है। जबकि मांडलगढ़ विधानसभा सीट से शक्तिसिंह को उम्मीदवार बनाया है। इन तीनों स्थानों पर 29 जनवरी को वोटिंग होनी है।
यूं खेला है जाति कार्ड
इनमें डॉ. जसवंत सिंह यादव वर्तमान में वसुंधरा सरकार में श्रम मंत्री है। भाजपा ने अलवर में यादव कार्ड खेलते हुए डॉ.जसवंत यादव को मैदान में उतारने का निर्णय किया है। यहां से कांग्रेस ने डॉ. करणसिंह यादव को मैदान में उतारने का तय किया है। अलवर लोकसभा सीट महंत चांदनाथ के निधन के कारण खाली हुई थी।
उधर, अजमेर लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सांवरलाल जाट के बेटे रामस्वरूप लांबा को टिकट देने का निर्णय किया है। यह सीट सांवरमल जाट के निधन के कारण खाली हुई थी, ऐसे में भाजपा ने सहानुभूति का फायदा मिलने की उम्मीद में जाट के बेटे रामस्वरूप लांबा को टिकट देने का निर्णय किया है।
विधानसभा सीट मांडलगढ़ में भाजपा ने राजपूत कार्ड खेला है। यहां से पार्टी ने राजपूत समाज के शक्तिसिंह हाड़ा को अपना प्रत्याशी बनाने का तय किया है। मांडलगढ़ विधानसभा की सीट यहां से विधायक कीर्ति कुमारी के निधन के कारण रिक्त हुई थी।





