फरीदाबाद में सीएम विडो की शिकायतों पर भी कोई कार्रवाई नहीं
हरियाणा के फरीदाबाद में अवैध निर्माण की कार्रवाई के मामले में नगर निगम की धीमी गति से लोग परेशान हो रहे हैं। सीएम विडो पर दी गई अवैध निर्माण की शिकायतों पर भी निगम अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। हैरानी की बात है कि कई जगह नगर निगम की ग्रीनबेल्ट पर कब्जे किए गए हैं। ग्रीनबेल्ट की चारदीवारी करके लोगों ने बिजली मीटर तक लगाए हुए हैं। जिन लोगों ने सीएम विडो पर अवैध निर्माण की शिकायतें दी हैं, वे अब निगम मुख्यालय में चक्कर लगा रहे हैं। निगम के रिकार्ड के अनुसार एनआइटी, बल्लभगढ़ और ओल्ड फरीदाबाद में इस समय करीब 90 शिकायतें लंबित हैं।
निगम सदन की बैठक में उठा था मुद्दा
नगर निगम सदन की इस वर्ष फरवरी में हुई बैठक में वार्ड नंबर 36 के पार्षद दीपक चौधरी ने बल्लभगढ़ में अतिक्रमण तथा अवैध निर्माण का मुद्दा उठाया था। नगर निगम ने यहां अतिक्रमण के मामले में 21 लोगों के चालान किए थे। मगर आज भी कई जगह पहले जैसे हालात हैं। इतना ही नहीं, अब दीपक यादव ने फिर से त्रिखा कालोनी, बल्लभगढ़ में अवैध कब्जा की शिकायत निगमायुक्त डॉ. यश गर्ग से की है।
भाखरी-नवादा रोड पर नगर निगम की ग्रीनबेल्ट पर कब्जा किया गया है। मैंने सीएम विडो पर शिकायत दी थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब मैंने इस मामले में निगमायुक्त डॉ.यश गर्ग से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की है और कब्जे हटाने की मांग की है। -राजेश अरोड़ा, सेक्टर-15 निवासी।
सीएम विडो पर अवैध निर्मण और अतिक्रमण संबंधी 30 से अधिक शिकायतें हैं, जिन पर अभी तक नगर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की है। मैंने इस बारे में मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिख कर स्थिति से अवगत कराया है। -आनंदकांत भाटिया, प्रमुख, निगरानी समिति, भाजपा
बल्लभगढ़ की त्रिखा कालोनी में अवैध निर्माण और कब्जे किए गए हैं। मैंने 5 फरवरी, 2019 को नगर निगम सदन की बैठक में मुद्दा उठाया था। निगम अधिकारियों ने अब तक ध्यान नहीं दिया है। कालोनी में सामुदायिक केंद्र बनाया जा रहा है। आसपास अवैध निर्माण रोका जाना चाहिए। -दीपक यादव, वार्ड 36 के पार्षद
मेरे पास अवैध निर्माण की कई शिकायतें आई हैं। इन सबको गंभीरता से लिया जाएगा और बारी-बारी से कार्रवाई कराई जाएगी। संयुक्त आयुक्त प्रशांत अटकान को कार्रवाई करने को कहा गया है। -डॉ.यश गर्ग, निगमायुक्त
मेरे पास अभी ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है कि कहीं गलत तरीके से बिजली मीटर लगाए गए हैं। इसकी जांच कराई जाएगी। -नरेश कक्कड़, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम।





