मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के स्वागत में लगाए थे होर्डिंग, हवा से उड़कर बुजुर्ग राहगीर के सिर पर गिरा
राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में शहर के आंबेडकर चौक पर लगा एक होर्डिंग तेज हवा से उड़कर सड़क से गुजर रहे एक बुजुर्ग प्रभुदयाल निवासी होडल के सिर पर गिरा गया। इससे बुजुर्ग अचेत होकर गिर पड़े। आसपास के रेहड़ी वालों और अन्य राहगीरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद निगमकर्मी हरकत में आए और शहर से होर्डिंग हटाने के आदेश दिए।
बीती आठ अगस्त को मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने आंबेडकर चौक स्थित सरकारी स्कूल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया था। मुख्यमंत्री के आगमन पर चौराहे और सड़कों को नेताओं ने पोस्टर, बैनर एवं होर्डिंग से भर दिया। नियमों के अनुसार शहर में होर्डिंग लगाने के लिए नगर निगम से अनुमति लेनी होती है। मामला सत्ताधारी पार्टी होने के नाते नियम ताक पर धरे रहे। कार्यक्रम खत्म हो जाने के एक हफ्ते बाद भी सड़कों पर लगे अवैध होर्डिंग निगम कर्मियों ने नहीं हटाए।
शुक्रवार दोपहर को तेज हवा चली तो एक होर्डिंग राहगीर के सिर पर गिर गया। गनीमत रही कि होर्डिंग का फ्रेम लकड़ी का बना हुआ था। अगर यह लोहे का होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। नगर निगम संयुक्त आयुक्त नवदीप नैन का कहना है कि मामला उनकी जानकारी में आते ही उन्होंने उपमंडल अधिकारी विनोद को शहर से होर्डिंग हटाने के आदेश दिए हैं। जल्द ही शहर से अवैध होर्डिंग हटा दिए जाएंगे।





