
यूपी से शुरू हुई हज यात्रा, मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने 350 हाजियों को किया रवाना
हज यात्रा के लिए पूरी दुनिया के लोग काबा के लिए रवाना हो रहे हैं। रविवार को यूपी से पहला जत्था रवाना हुआ। सीएम अखिलेश यादव ने अली मियाँ हज हाउस से जत्थे को झंडी दिखाई। पहले जत्थे में 350 हाजी शामिल हैं। इन सभी दोपहर 1:05 मिनट पर सउदी अरब के चार्टड प्लेन SV-5707 से मदीना के लिए उड़ान भरेंगे। बता दें, पिछली बार हज यात्रिओं का पहला जत्था 27 अगस्त को रवाना हुआ था।

मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने दी शुभकामनाएं
कुल 5 बसों में 350 यात्रियों के साथ पहला जत्था आज सुबह 8:20 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना करते हुए सीएम अखिलेश यादव ने सभी को हज के लिए शुभकामनाएं दी। इस मौके पर अल्पसंख्यक कल्याण और नगर विकास मंत्री आज़म खान, मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना फरंगी महली समेत सैकड़ों मौलवी और मौलाना मौजूद रहे। इस दौरान हज के लिए जा रहे लोगों के परिजनों ने उनकी हौसला अफजाई की।
हज यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा-हज यात्रा को बेहतर बनाने के लिए सपा सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है। सरकार की मंशा है कि उत्तर प्रदेश से ज्यादा से ज्यादा गरीब लोगों को हज यात्रा पर भेजा जा सके, लेकिन इसमें कुछ मुश्किलें भी हैं। इनको दूर कर भविष्य में हज यात्रियों को और भी बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। यह बातें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को हज हाउस में कहीं। वह राजधानी से जाने वाले हज यात्रियों की बसों को रवाना करने हज हाउस पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने यात्रियों को हज की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि इस बार हज यात्रा के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी धर्मों का रास्ता एक ही है शांति का, लेकिन कुछ सियासी लोग धर्म में राजनीति करने लगते हैं। उन्होंने हज यात्रियों से प्रदेश व देश के लिए अमन व शांति की दुआ करने की अपील की।





