
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भारत को विभिन्न त्योहारों, भाषाओं, संस्कृतियों का देश बताते हुए कहा है कि इसके समृद्ध इतिहास और गौरवशाली अतीत से जुड़कर हम प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि धर्म को सही मायनों में दिलो-दिमाग से समझना होगा, तभी देश की एकता को बल मिलेगा और भारत मजबूत होगा। मुख्यमंत्री आज यहां पर्यटन भवन, गोमती नगर में तीन दिवसीय ‘महाभारत महोत्सव’ के उद्घाटन अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
यह कार्यक्रम पर्यटन विभाग के सहयोग से द्रौपदी ड्रीम ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाभारत में द्रौपदी का मजबूत चरित्र नारी सशक्तिकरण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि द्रौपदी ने मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। महाभारत महोत्सव के आयोजन के लिए उन्होंने पर्यटन विभाग सहित आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि महाभारत कालीन स्थलों को पर्यटन के मानचित्र पर विशेष स्थान दिलाने में यह महोत्सव कामयाब होगा। महाभारत कालीन स्थलों को आकर्षण के रूप में प्रचारित-प्रसारित करने में महोत्सव की भूमिका को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव में महाभारत के स्थलों के जुड़े दस्तावेज, पाण्डुलिपियां, साहित्य, पेन्टिंग यह दर्शाती है कि प्रत्येक काल में महाभारत की प्रासंगिकता बनी रही है। उन्होंने कहा कि महोत्सव से प्रदेश की कला एवं संस्कृति के साथ-साथ महाभारत कालीन इतिहास की जानकारी लोगों को मिलेगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश और देश अपनी अनूठी ऐतिहासिक धरोहरों, कलाओं, परम्पराओं, रहन-सहन, रीति-रिवाज, भाषा-बोली और आपसी भाइचारे के लिए मशहूर है। वर्तमान सरकार उत्तर प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को सभी सुविधाएं देने का प्रयास कर रही है। प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। आने वाले समय में पर्यटन सम्बन्धी परियोजनाओं के पूरा होने से देशी और विदेशी पर्यटकों का आगमन और अधिक संख्या में होगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यटन विभाग के मोबाइल गेम, मोबाइल एैप के आई0ओ0एस0 एवं विण्डोज़ वर्जन को लाॅन्च किया। साथ ही, पैकेज टुअर बुकलेट, पर्यटन विभाग एवं लोनली प्लैनेट की पाॅकेट बुक्स का विमोचन किया। श्री यादव ने महाभारत महोत्सव की प्रदर्शनी और स्टाॅलों का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी में महाभारत काल से जुड़े दस्तावेजों और प्रसंगों को दर्शाया गया है। इसके अलावा, महाभारत कालीन उत्पाद, हस्तशिल्प और खान-पान का प्रदर्शन भी किया जा रहा है।

इस मौके पर सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई। सचिव पर्यटन एवं महानिदेशक श्री अमृत अभिजात ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाभारत महोत्सव से प्रदेश में पर्यटन को एक नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इतिहास से जुड़कर विकास को बढ़ावा दिया जा सकता है। द्रौपदी ड्रीम ट्रस्ट की अध्यक्ष सुश्री नीरा मिश्रा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री को प्रतीक चिन्ह् तथा शाॅल भेंट की गई। पांचाल राजकुमारी द्रौपदी को डाॅ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ की ऐसोशिएट प्रो0 वन्दना सहगल तथा अन्य चित्रकारों द्वारा श्रद्धांजलि स्वरूप पेन्टिंग समर्पित की गई। प्रो0 वन्दना सहगल ने कस्तूरबा गांधी ट्रस्ट की अध्यक्ष सुश्री तारा गांधी भट्टाचार्य का शाॅल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस अवसर पर राजनैतिक पेंशन मंत्री श्री राजेन्द्र चैधरी, पर्यटन मंत्री श्री ओम प्रकाश सिंह, प्रमुख सचिव सूचना श्री नवनीत सहगल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।





