धूमधाम से निकाली गई गणपति बप्पा की शोभायात्रा
महाराष्ट्र मित्र मंडल फरीदाबाद की ओर से बुधवार को गणपति बप्पा की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। संस्था की ओर से गांधी कॉलोनी स्थित गणेश पार्क में सार्वजनिक श्री गणेश उत्सव 12 से 23 सितंबर तक धूमधाम से मनाया जाएगा। पहले दिन बप्पा की भव्य शोभायात्रा पांच नंबर से होते हुए गांधी कॉलोनी उत्सव स्थल तक निकाली गई। इस दौरान बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग नाचते-गाते हुए शामिल हुए। सुधाकर पांचाल ने बताया कि गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गणपति की मूर्ति स्थापना की जाएगी। इस मौके पर राजेंद्र पांचाल, विलास पांचाल, चिंतामणी वेध, गणेश निखारे, रविंदर लोतेकर, डीएम थोते, यशवंत पांचाल, सागर कुलकर्णी आदि शामिल रहे।





