भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा के सम्मान में निकाली यात्रा, लोगों ने की विरोध में नारेबाजी
तीनों कृषि कानूनों के समर्थन और 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान दिल्ली में लाल किले पर तिरंगे का अपमान करने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को तिरंगा यात्रा निकाली। जिला फरीदाबाद के बल्लभगढ़, जिला पलवल और जिला नूंह में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि लाल किले पर जाकर तिरंगे का अपमान किया गया, जिसे देश किसी भी सूरत में नहीं सहेगा। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि धरने के नाम पर राजनीति हो रही है। इनमें किसान नहीं हैं बल्कि कुछ लोग अपने राजनीति लाभ के लिए ऐसी गतिविधियों में शामिल हैं।
जिला पलवल के पलवल से भाजपा विधायक दीपक मंगला, होडल से भाजपा विधायक जगदीश नायर और हथीन से भाजपा विधायक प्रवीन डागर तिरंगा यात्रा में शामिल थे। पलवल के भाजपा जिला अध्यक्ष चरण सिंह का कहना है कि किसानों के नाम पर राजनीति की जा रही है। इसमें किसान नहीं बल्कि असमाजिक तत्व हैं। लाल किले पर तिरंगे का अपमान करके इन लोगों ने अपनी मंशा जाहिर कर दी है। विधायकों का कहना है कि कृषि कानून किसानों के हित में हैं और इनसे किसानों की आमदनी दो गुना हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसको मुद्दा बना रहे हैं और उनका खेती से कोई वास्ता नहीं है बल्कि अपनी राजनीति की जमीन किसान आंदोलन के जरिये तलाशने की नाकाम कोशिश में जुटे हैं।
धार्मिक झंडा फहराने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो
बल्लभगढ़ में भी णतंत्र दिवस पर दिल्ली में बवाल और लाल किला पर धार्मिक झंडा फहराए जाने के विरोध में शनिवार को शहर भर में तिरंगा सम्मान यात्रा निकाली गई। इस दौरान तिरंगे के सम्मान में नारे भी लगाए गए। शहर के अंबेडकर चौक से शुरू हुई तिरंगा यात्रा का नेतृत्व प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा के बड़े भाई टिपरचंद शर्मा ने किया। यात्रा मेन बाजार, इमली चौक, महाराजा अग्रसैन चौक से होते हुए गुप्ता होटल चौक, मोहना रोड, सिटी पार्क के पास से निकलते हुए वापस अंबेडकर चौक पर पहुंची। तिरंगा यात्रा में शहर के सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। यात्रा में शामिल लोगों ने तिरंगा झंडा लिया हुआ था। इस अवसर पर टिपरचंद शर्मा ने कहा उपद्रव करने और लाल किले पर धार्मिक झंडा फहराए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस घटना से पूरा देश स्तब्ध है। इस अवसर पर पार्षद दीपक यादव, व्यापारी नेता प्रेम खट्टर, महेश मित्तल, लखन बेनीवाल, महेश गोयल, दीपक यादव, सुनील कौशिक, मनोज गोयल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा ओल्ड फरीदाबाद के बाजार में भी फरीदाबाद विधानसभा से भाजपा विधायक नरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में तिरंगा सम्मान यात्रा निकाली गई। इस दौरान लोगों ने विधायक के विरोध में नारेबाजी भी की। हालांकि हालांकि पुलिस मौके पर मौजूद थी। नारे लगाने वाले लोग भाजपा से नाराज थे।





