दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक हार होगी, जनता ने मुद्दों पर वोट किया है: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद आए रुझानों पर कहा कि दिल्ली की जनता ने आतंकवाद व पाकिस्तान नहीं बल्कि मुद्दों पर वोट किया है। जब 11 फरवरी को नतीजे आएंगे तो भाजपा की ऐतिहासिक हार होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने हिंदू मुसलमान में खाई पैदा करके वोट लेने की कोशिश की लेकिन जनता ने इसे नकार दिया। मैं उम्मीद करता हूं कि आने वाले समय में जहां भी चुनाव होंगे वहां की जनता भी मुद्दों पर वोट करेगी।
उन्होंने कहा कि देश के सामने रोजगार का सवाल है लेकिन प्रधानमंत्री मोदी सूर्य नमस्कार की बात करते हैं। अगर बेरोजगारी के लिए भी कोई आसन है तो उसे युवाओं को बता दें। भाजपा के पास यही जवाब है कि अगर रोजगार चाहिए तो सूर्य नमस्कार कीजिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस व भाजपा एक ही तरह है। जब पी चिदंबरम गृहमंत्री थे तब कांग्रेस एनपीआर लाना चाहती थी। वहीं, अयोध्या में रामजन्मभूमि पर दर्शन के लिए जाने पर अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे भगवान तो श्रीकृष्ण हैं और सबसे बड़े तो भगवान विष्णु हैं।
‘हमारे कार्यकर्ताओं पर कार्यवाही करने वालों की बना रहे लिस्ट’
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के नेता हमारे कार्यकर्ता और नेताओं पर जो कार्यवाही कर रहे हैं। हम उनकी लिस्ट बना रहे हैं। जब हमारी सरकार आएगी तो सूद समेत वापस लिया जाएगा।
आजमगढ़ में अपने पोस्टर लगाने पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा से ज्यादा कांग्रेस हमारी चिंता कर रही है।
सपने दिखाने व जुमलों से भटकाने की कला कोई भाजपा से सीखे : अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि सपने दिखाने और जुमलों में भटकाने की कला कोई भाजपा नेतृत्व से सीखे। किसानों की आय दोगुनी करने व फसलों की लागत से डेढ़ गुना मूल्य दिलाने के वादे तो रोज-रोज दोहराए जाते हैं, लेकिन हकीकत में अभी तक भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री का कोई वादा पूरा नहीं हुआ है।
अभी केंद्र सरकार का जो बजट पेश हुआ है उसमें भी किसानों के लिए कोई ठोस योजना सामने नहीं आई। कोई नहीं बताता कि 2022 तक किसान की आय कैसे दोगुनी होगी?
अखिलेश यादव ने जारी किए गए बयान में कहा कि अर्थव्यवस्था का जिक्र खेती-किसानी और गांव-गरीब के बिना अधूरा रहता है। संसद में पेश बजट में कृषि उड़ान का सपना दिखाया है। नीली क्रांति और श्वेत क्रांति का नारा भी दिया है। अब भाजपा राज में कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग का राग छेड़ा है, लेकिन पानी के संकट से जूझ रहे बुंदेलखंड का कोई जिक्र नहीं है कि वहां किसान कैसे अपना खेत सींचेंगे?
कथनी-करनी में अंतर, 76 हजार घटाया एफसीआई का फंड
अखिलेश ने कहा कि वास्तव में भाजपा की नीति और नीयत दोनों में खोट है। उसकी कथनी-करनी में भारी अंतर है। किसानों के लिए बड़ी-बड़ी बातें करने वाली सरकार ने भारतीय खाद्य निगम के फंड में 76 हजार करोड़ की कटौती कर दी।
इस कटौती का सीधा असर सरकारी खरीद पर पड़ेगा। किसान आज भी बिचौलियों की दया पर आश्रित है और कल भी उसकी वही हालत रहेगी।
‘भाजपा राज में किसान हितों को कॉरपोरेट घरानों के लिए बलि दी जा रही है’
सपा अध्यक्ष ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की नीतियों का अनुसरण करते हुए सपा सरकार के समय गांव व किसान की उन्नति के लिए बजट में वृद्धि कर 75 प्रतिशत कर दिया गया था। भाजपा राज में किसान हितों को कॉरपोरेट घरानों के लिए बलि दिया जा रहा है।
सीमा व खेत के संतुलन के लिए जरूरी सरकारों को किसान व जवान के सरोकारों को अपना एजेंडा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि फौजी के परिवार की सुरक्षा सरकार का कर्तव्य है। अच्छा होता सरकार केंद्रीय बजट में दो शब्द सेना के जवानों और किसानों के अटूट रिश्तों पर भी उल्लेख कर देती।
अखिलेश यादव ने दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल को दी बधाई, बोले- काम बोलता है
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली में मतदान के दौरान ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जीत की बधाई दे दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली के अभूतपूर्व कल्याण और विकास की निरंतरता की शुभकामनाएँ!
उन्होंने ट्वीट में हैशटैग काम बोलता है का प्रयोग किया है। बता दें कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर शाम छह बजे मतदान खत्म हो गया है।
अनुमानों में आम आदमी पार्टी की जीत की भविष्यवाणी की जा रही है।
बता दें कि 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अरविंद केजरीवाल इस बार 70 में से 70 सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं।





