भाजपा विधायक पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी मिश्रा समाजवादी पार्टी में हो सकती हैं शामिल, अखिलेश यादव को लिखा पत्र
उत्तर प्रदेश में भाजपा विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी मिश्रा एक बार फिर चर्चा में है। पिता के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह करके सुर्खियों में आई साक्षी ने अब राजनीति में कदम बढ़ाने का फैसला लिया है।
हाल ही में साक्षी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र लिखकर उनसे मिलने का समय मांगा है। साक्षी ने कहा है कि समाजवादी पार्टी ऐसी पार्टी है जो बिना भेदभाव के काम करती है। बतौर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कार्यकाल शानदार रहा है।
बरेली के बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी ने करीब साल भर पहले परिवार के खिलाफ जाकर प्रेमी अजितेश से शादी कर ली थी। इसी महीने साक्षी ने एक बेटे को जन्म दिया है।
इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थामकर राजनीति में आने के संकेत दिए हैं। माना जा रहा है कि साक्षी जल्द ही सपा की सदस्यता ग्रहण करती नजर आ सकती हैं।





