भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल : कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय सेक्टर-12 में भाजपा सरकार के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कुमारी सैलजा ने जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त की गैर मौजूदगी में एसडीएम अमित कुमार ने ज्ञापन लिया। प्रदर्शन के संयोजक पूर्व विधायक रघुबीर तेवतिया बनाए गए थे। विधायक नीरज शर्मा, पूर्व विधायक ललित नागर व आनंद कौशिक, विधानभा चुनाव लड़ चुके विजय प्रताप सिंह व लखन सिगला, पूर्व मेयर अशोक अरोड़ा व अतर सिंह, पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर मुकेश शर्मा, पूर्व पार्षद योगेश ढींगड़ा, जगन डागर व राजेश भाटिया ने सक्रिय रूप से प्रदर्शन में भाग लिया।
अपने संबोधन में कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की गलत नीतियों की वजह से उद्योग धंधे पलायन कर रहे हैं। बेरोजगारी बढ़ रही है। सरकार ने पूरे साल प्रदूषण से निपटने को कोई कदम नहीं उठाए और हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। अब इसके लिए हमारे किसान भाइयों और उद्योगों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। कुमारी सैलजा ने प्रदेश में धान की खरीद में बड़े घोटाले का भी आरोप लगाया।
प्रदेशाध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने का भी आरोप लगाया। इस मौके पर कुमारी सैलजा ने कार्यकर्ताओं से 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में देशव्यापी ‘भारत बचाओ रैली’ में भाग लेने की अपील की। विधायक नीरज शर्मा ने सभी का धन्यवाद किया।
प्रदर्शन में प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, प्रदेश महासचिव बलजीत कौशिक, सुमित गौड़, गुलशन बग्गा, यशपाल नागर, पराग शर्मा, मोहम्मद बिलाल, योगेश गौड़, संजीव चौधरी, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, मनधीर मान, मानक चंद भाटिया, अनीष पाल, विकास वर्मा, अशोक रावल समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





