इकाना क्रिकेट स्टेडियम का नाम बदलने पर अखिलेश यादव ने कसा भाजपा पर तंज
पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम का नाम बदलकर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी किए जाने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कहा कि राम के नाम पर भाजपा की राजनीति की पोल खुल गई है।
उन्होंने कहा कि इकाना भगवान विष्णु का दूसरा नाम है। उनका ही नाम बदल दिया। बेहतर हो सरकार अटल जी के नाम पर बटेश्वर में स्टेडियम का निर्माण कराए। पूर्व मुख्यमंत्री मंगलवार को बटेश्वर पशु मेला आए थे। उन्होंने बटेश्वर शौरीपुर मंदिरों के दर्शन भी किए।
लोकसभा चुनाव में महागठबंधन का नेतृत्व के सवाल पर अखिलेश यादव चुप्पी साध गए। उन्होंने कहा कि देश के सामने भाजपा सरकार को हराने की चुनौती है। नेतृत्व अहम नहीं है। विपक्ष एकजुट है। महागठबंधन होगा। भाजपा हारेगी।
सरकार की गिनाई खामियां
उन्होंने सरकार की खामियां गिनाई। कहा कि आमदनी दोगुनी करने के नाम पर किसानों के साथ धोखा किया गया। कारोबारियों पर टैक्स का बोझ लाद दिया है। विकास ठप है। कीमतें बढ़ रही हैं। इससे पहले उन्होंने घोड़ों का मेला देखा।
ब्रह्मलाल जी मंदिर में दर्शन पूजन किए। शौरीपुर में भगवान नेमीनाथ के मंदिर के दर्शन किए। चंबल सफारी जरार भी गए। इस दौरान सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गणेश यादव, विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष राजेश यादव, आरपी सिंह आदि मौजूद रहे।
यमुना में गंदगी देख भड़के अखिलेश
बटेश्वर पहुंचे अखिलेश यादव ने शिव मंदिर श्रृंखला के घाट पर यमुना में गदंगी देख नाराजगी जताई। नदियों की पवित्रता के लिए अभियान चला रही सरकार से उन्होंने यमुना की सफाई कराने की मांग की।
अपने घोडे़ देखे, दो बछिया खरीदीं
अपनी सरकार में अखिलेश यादव ने बटेश्वर के तीन मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया था। उन्हें देखा और कहा कि सरकार को बाकी मंदिरों का भी संरक्षण करना चाहिए। उनकी सरकार बनी तो बटेश्वर के विकास पर 300 करोड़ रुपये खर्च करेंगे।
सैफई से बटेश्वर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घोड़ों का मेला देखा। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गणेश यादव के कैंप में अपने आस्ट्रेलियन घोडे़ कालू, लालू, घोड़ी गोरी, परी पर हाथ फेरा। उसके बाद मेले में ही बच्चों अर्जुन और टीना के कहने पर गुजरात के गिरि नस्ल की दो बछिया खरीदीं।
UTTAMUP.COM ने अखिलेश के घोड़ा घोड़ी के मेले का आकर्षण बनने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। उसके बाद कयासबाजी शुरू हो गई थी। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गणेश यादव ने बताया कि अखिलेश जी के आने के बाद सभी अटकलबाजियों पर विराम लग गया है।
जानिए आखिर क्यों अखिलेश यादव ने ‘भारत-विंडीज मैच’ को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना
यूपी के इटावा जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूर्ण रूप से विफल हो चुकी है। यह सरकार समाजवादी पार्टी के शासनकाल में किए गए विकास कामों का अभी तक उद्घाटन करने में लगी है। ऊपर से भाजपाई कहते हैं कि समाजवादी पार्टी की सरकार में कोई काम नहीं हुआ। इस दौरान अखिलेश यादव लखनऊ में हो रहे भारत-वेस्टंडीज क्रिकेट मैच को लेकर भी भाजपा पर हमला बोल दिया है।
मंगलवार को आगरा जिले के प्राचीन सिद्ध स्थल बटेश्वरनाथ में भोले बाबा के मंदिर से दर्शन करके लौटने के बाद अखिलेश यादव सैफई पहुंचे। सैफई में उन्होंने इटावा, मैनपुरी, कानपुर देहात, लखनऊ, प्रतापगढ़, कन्नौज, एटा, अलीगढ़, फिरोजाबाद से आए कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की बधाई दी। इस मौके पर अखिलेश यादव ने सभी कार्यकर्ताओं को मिठाइयां भी भेंट कीं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में जो काम हुए उन्हें तो भाजपा सरकार ने ठप करा ही दिए। लेकिन सपा सरकार में बड़ी सड़कें भी भाजपा सरकार सुरक्षित नहीं रख पा रही है। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के शासनकाल में किए गए कामों का फीता काटने में लगी हुई है। आज लखनऊ के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित होने वाला क्रिकेट मैच इस बात का गवाह है। समाजवादी सरकार का काम बोलता है।
अखिलेश ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा करने में प्रदेश सरकार पूरी तरह से विफल है। फसलों का वाजिब मूल्य न मिलने के कारण किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर हैं।





