अखिलेश ने फिर साधा भाजपा पर निशाना, गोरखपुर को कहा गुनाहपुर
सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने गोरखपुर को गुनाहपुर तक कह डाला है। अखिलेश ने शुक्रवार को ट्वीट किया, भाजपा राज में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों के कारण प्रदेश की छवि बहुत धूमिल हुई है।
चाहे गुनाहपुर (गोरखपुर) मंडल हो या अन्य मंडल सब में अपराधों के आंकड़ों में एक दूसरे को पहचानने की होड़ लगी है। ये डबल इंजन नहीं, डबल दुर्गति वाली सरकार है।
शिक्षा व्यवस्था चौपट, अर्थव्यवस्था रसातल में : अखिलेश
सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को कानून व्यवस्था, कोरोना महामारी और अर्थव्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि प्रदेश में चारों ओर हाहाकार मचा है। बेखौफ अपराधी खूनी तांडव कर रहे हैं। कोरोना से हजारों की जान जा चुकी हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं बर्बादी के कगार पर हैं, लेकिन भाजपा की डबल इंजन की सरकार को जनता की तकलीफ और रसातल में जाती अर्थव्यवस्था की कोई चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री चाहे जितने ऑर्डर जारी करें, उन्हें उनके प्रवचन से ज्यादा कुछ नहीं समझा जाता है। उन्होंने कभी ठोको नीति का उपदेश दिया था। उसी का नतीजा है कि कई जगहों पर पुलिस या अपराधियों ने भाजपा नेताओं को भी ठोक पीट कर हिसाब पूरा कर दिया। अभी बांदा में भाजपा नेता पर धारदार हथियार से हमला हुआ। कुछ दिन पहले फैजाबाद में भाजपा नेता को गोली मारी गई थी। जिलों में रोज हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। क्लैट स्थगित हो गईं पर लाखों युवा जेईई-नीट में बैठने को मजबूर हैं। लॉकडाउन में लाखों की नौकरियां छूट गईं।
लोगों में दहशत, स्वास्थ्य सेवाएं पंगु
अखिलेश ने कहा, स्वास्थ्य विभाग को भाजपा सरकार ने अपंग बना दिया है। इसका परिणाम जनता भुगत रही है। संक्रमितों के इलाज में लापरवाही की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों में दहशत है। भाजपा के मंत्री, विधायक और सांसद भी इससे नहीं बच सके। पुलिस अपराधियों को पकड़ने से ज्यादा चुस्ती छात्रों पर बेरहमी से लाठियों का इस्तेमाल करने में दिखा रही है। प्रशासन असहमति के स्वर को कुचलने की नई-नई साजिशें करता रहता है। हर कोई इस व्यवस्था से त्रस्त है और जल्द छुटकारा पाना चाहता है।
भाजपा सरकार के बस में नहीं रहा शासन-प्रशासन : अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार के वश में अब प्रदेश का शासन-प्रशासन नहीं रह गया है। सरकार जितना बता रही है, कोरोना संक्रमण के आंकड़े उससे ज्यादा दिख रहे हैं। तमाम कोशिशों व प्रोटोकॉल के बाद भी मंत्रियों, सांसदों व विधायकों तक को कोरोना अपना शिकार बना रहा है।
अखिलेश ने बुधवार को कहा कि रोजाना अपराध का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाएं जंगलराज की दहशत पैदा कर रही हैं। भाजपा इस सबसे मुंह छिपाने के लिए झूठ के सहारे अफवाह फैलाने वाली वारदात को अंजाम देने में लग गई है। उनके फर्जी ट्वीट को वायरल कर भाजपा ने शर्मनाक और कलंकित करने वाला काम किया है।
सपा अध्यक्ष ने कहा, खुद मुख्यमंत्री के गृहजिले में अपराधों पर नियंत्रण नहीं है। वहां बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं रह गई हैं। मानसिक रूप से कमजोर युवती को अगवा कर उसके साथ सामूहिक बलात्कार ने सरकारी दावों-वादों की पोल खोल दी है। आगरा में एक निजी अस्पताल में डॉक्टर ने 30 हजार रुपये डिलीवरी फीस न दे पाने पर मां से नवजात शिशु को छीन लिया।
राजधानी लखनऊ में युवा कारोबारी की हत्या हो गई। यहीं गोसाईंगंज में 28 अगस्त से गायब युवक का शव मिला। माल में बच्ची की गला दबाकर हत्या की गई, बच्ची के कपड़े फटे थे, शरीर पर खरोंचें थीं। हरदोई के आश्रम में साधु, उनके बेटे और शिष्या की हत्या हुई। मथुरा में एक बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या हुई।
अखिलेश ने कहा, भाजपा राज में यूपी, हत्या प्रदेश बन गया है। पूरे देश में इसकी बदनामी है। सपा सरकार में यूपी को उत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में विकास कार्य हो रहे थे। भाजपा राज में विकास ठप हो गया है।





